लुरिनज्योति गोगोई के आवास पर पुलिस की तलाशी
गुवाहाटी, 10 अप्रैल (हि.स.)। चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद असम में असम जातीय परिषद (एजेपी) के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई के आवास पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई खुमटाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बरपथार गदापानी स्थित गोगोई के आवास पर की गई। पुलिस द्वारा यह तलाशी अभियान चलाने के पीछे के कारणों का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया गया है।
लुरिनज्योति गोगोई के परिजनों ने आरोप लगाया है कि तलाशी के दौरान पुलिस ने अत्यधिक बल प्रयोग और उत्पीड़न किया। उनका कहना है कि इस कार्रवाई से घर में भय और तनाव का माहौल बन गया।
हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले में आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

