मुख्यमंत्री के निर्देश पर जालुकबाड़ी में पुलिस का व्यापक गश्त अभियान
गुवाहाटी, 29 नवंबर (हि.स.)। अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए कामरूप (मेट्रो) जिला पुलिस की एक बड़ी टीम सड़कों पर उतरी। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के निर्देश पर महानगर के जालुकबाड़ी और आसपास के इलाकों में पुलिस ने व्यापक गश्त अभियान शुरू किया।
जालुकबाड़ी और मालीगांव क्षेत्रों में लगातार हो रही विभिन्न अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए सौ से अधिक पुलिसकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने सड़कों पर उतरकर यह अभियान चलाया।
पुलिस की पहल और सीडीएसपी मैत्रेयी डेका के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस के इस बड़े दल ने जालुकबाड़ी की मुख्य सड़क सहित विभिन्न संवेदनशील इलाकों में गश्त की और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से जालुकबाड़ी और मालीगांव के इलाकों में कुछ असामाजिक तत्वों के विभिन्न अवैध गतिविधियों में शामिल होने की शिकायतें मिल रही थीं। इस स्थिति में इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों को कुचलने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस का यह विशेष अभियान चलाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

