home page

उज्ज्वला लाभार्थियों को जल्द कराना होगा ई-केवाईसी, नहीं तो रसोई गैस आपूर्ति होगी प्रभावित

 | 
उज्ज्वला लाभार्थियों को जल्द कराना होगा ई-केवाईसी, नहीं तो रसोई गैस आपूर्ति होगी प्रभावित


गुवाहाटी, 17 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत लाभान्वित उपभोक्ताओं को अब जल्द ही अपना ई-केवाईसी पूरा करना अनिवार्य होगा। अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित समय के भीतर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

इस संबंध में संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) के चीफ जनरल मैनेजर अमरज्योति बरदलै ने आज कहा कि सभी पीएमयूवाई उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया गया है। यह कदम योजना के वास्तविक लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपने नजदीकी एलपीजी वितरक के पास जाकर, आधार आधारित प्रमाणीकरण के माध्यम से या अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

आईओसी की ओर से उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाए जा रहे हैं, जिससे वे आसानी से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश