रंगापारा केंद्रीय विद्यालय में मनाया गया बैगलैस डे
शोणितपुर (असम), 27 फ़रवरी (हि.स.)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, रंगापाड़ा में नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अंतर्गत कक्षा छठवीं से आठवीं के विद्यार्थियों के लिए 17 से 27 फरवरी तक बैगलेस डे के तहत विभिन्न कौशल आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय शिक्षा से आगे बढ़ाकर अनुभवात्मक एवं आनंददायक अधिगम से जोड़ना था।
इस दौरान छात्रों ने जापी निर्माण, बिहू नृत्य, योग एवं बागवानी जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों से उनमें सांस्कृतिक जागरूकता, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी, समूह भावना तथा आत्मविश्वास का विकास हुआ। विद्यालय के प्राचार्य अम्ब्रेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास वृद्धि तथा व्यवहारिक ज्ञान प्राप्ति में अत्यंत सहायक होते हैं।
शिक्षकों ने मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रशिक्षित स्नातक कला शिक्षक श्याम कुमार ने कला एवं बागवानी गतिविधियों में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। जापी निर्माण के प्रशिक्षक के रूप में मुकुंदो केवट एवं ईपक्षित शर्मा उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षण अंकिता बसुमातारी द्वारा तथा खेल गतिविधियों का संचालन रिंटू सैकिया ने किया।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पहल विद्यार्थियों के लिए एक आनंददायक एवं उपयोगी अनुभव सिद्ध हुआ। साथ ही इस प्रकार की कौशल आधारित गतिविधियां बच्चों के भविष्य में अत्यंत लाभदायक सिद्ध होकर उन्हें आत्मनिर्भर, रचनात्मक एवं व्यवहारिक जीवन के लिए तैयार करती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / जयकिशोर झा

