असम में सुना गया मन की बात का 136वां एपिसोड, असम भाजपा ने की बाढ़ प्रभावितों के लिए 12 करोड़ की राहत सामग्री देने की घोषणा
गुवाहाटी, 26 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 136वां एपिसोड रविवार को देशभर में प्रसारित हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं की उपलब्धियों, भारत की रक्षा क्षमता, विज्ञान, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में देश की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के स्वदेशी रक्षा उपकरणों, विशेषकर ब्रह्मोस और अग्नि मिसाइलों को विश्व स्तर पर पहचान मिल रही है। उन्होंने डीआरडीओ द्वारा विकसित कुशल मिसाइल के सफल परीक्षण का भी उल्लेख किया। साथ ही, 18 जुलाई को निजी क्षेत्र के युवा वैज्ञानिकों द्वारा विक्रम-1 उपग्रह के सफल प्रक्षेपण की सराहना की।
असम प्रदेश भाजपा ने जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री 13 जुलाई को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की 270 रन की ऐतिहासिक जीत को देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। इसके अलावा, शंघाई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में भारतीय छात्रों के शानदार प्रदर्शन तथा मणिपुर के अंतरिक्ष वैज्ञानिक रोनाल्डो लिश्रिन की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त के अवसर पर 'हर घर तिरंगा' अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
असम भाजपा के प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने बताया कि राज्य के 39 संगठनात्मक जिलों के 433 मंडलों में 25,000 से अधिक बूथों पर लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से 'मन की बात' कार्यक्रम सुना। कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं ने राज्य की बाढ़ की स्थिति पर चर्चा कर राहत कार्यों की रूपरेखा तैयार की।
असम भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने जोरहाट जिले के टियोक विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-38 पर सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुवाहाटी के आजारा में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने घोषणा की कि भाजपा राज्यभर के बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए 12 करोड़ रुपये मूल्य की राहत सामग्री वितरित करेगी। इसके तहत दो लाख महिलाओं को मेखला-चादर तथा कम से कम दो लाख बच्चों को वस्त्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान में सहयोग के इच्छुक लोग 2,000 रुपये तक की राशि अपने स्थानीय विधायक के माध्यम से तथा 2,000 रुपये से अधिक का योगदान चेक के जरिए पार्टी के जिला या मंडल कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

