पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, नियागबाड़ी में 'प्रेरणा दिवस' एवं वार्षिक उत्सव आयोजित
रि-भोई (मेघालय), 29 अप्रैल (हि.स.)। रि-भोई जिले के नियागबाड़ी स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में बुधवार को 'प्रेरणा दिवस 2026' के उपलक्ष्य में वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। विद्यालय के डाइनिंग हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला के उपायुक्त अविनाश बरनवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें उन्होंने शैक्षणिक सत्र के दौरान छात्रों द्वारा पढ़ाई, खेलकूद और अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों में हासिल की गई उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा साझा किया।
छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए जिला उपायुक्त अविनाश बरनवाल ने विद्यालय के अनुशासित माहौल और प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने मेघालय के छात्रों की क्षमता पर जोर देते हुए कहा, मेघालय के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन यह चिंता का विषय है कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में यहां के छात्रों की भागीदारी अपेक्षाकृत कम है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में न केवल इस विद्यालय के छात्र, बल्कि पूरे मेघालय के युवा राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता का परचम लहराएंगे और देश व राज्य की सेवा में अपना योगदान देंगे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

