प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ के 131वें संस्करण का भाजपा असम मुख्यालय में सामूहिक श्रवण
गुवाहाटी, 22 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें संस्करण को रविवार को देशभर में उत्साहपूर्वक सुना गया। इसी क्रम में भाजपा असम प्रदेश मुख्यालय, वशिष्ठ स्थित राजधानी मंडल के बूथ संख्या 187 पर कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 300 से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया तथा मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने अन्य वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी। आयोजन बूथ अध्यक्ष पुलिन चंद्र दास के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा, प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी, प्रदेश संगठन महामंत्री जीआर रवींद्र राजू, विधानसभा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं सांसद प्रदान बरुवा, महासचिव दिप्लू रंजन शर्मा एवं पल्लव लोचन दास, कैबिनेट मंत्री जयंत मल्लबरुवा, भाजपा में आज शामिल हुए पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भारत मंडपम में आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समिट, अंगदान के महत्व, वैश्विक स्तर पर भारतीय मूल के खिलाड़ियों की उपलब्धियों तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने केरल की 10 माह की बालिका एलीन शेरिन अब्राहम की प्रेरणादायक अंगदान की घटना का उल्लेख करते हुए अंगदान करने वाले परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया और नागरिकों से इस पुनीत कार्य में भागीदारी की अपील की।
आगामी होली पर्व के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं तथा “वोकल फॉर लोकल” पहल के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान दोहराया। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता ब्रोजेन महंता ने बताया कि असम भाजपा के 39 संगठनात्मक जिलों और 433 मंडलों के लगभग 27 हजार बूथों पर पांच लाख से अधिक कार्यकर्ताओं ने एक साथ कार्यक्रम का श्रवण किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

