home page

मन की बात में प्रधानमंत्री ने असम के हाथी-मानव संघर्ष और पिग्मी हॉग संरक्षण का किया उल्लेख: भाजपा

 | 
मन की बात में प्रधानमंत्री ने असम के हाथी-मानव संघर्ष और पिग्मी हॉग संरक्षण का किया उल्लेख: भाजपा


गुवाहाटी, 27 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण में असम में मानव-हाथी संघर्ष और दुर्लभ पिग्मी हॉग के संरक्षण के प्रयासों का उल्लेख किया। कार्यक्रम में सर्जिकल स्ट्राइक, आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति, सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण, स्वच्छता, जनगणना-2026 और नशामुक्ति अभियान सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

असम भाजपा के मीडिया पैनलिस्ट अमल नारायण पटवारी की ओर से जारी बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने असम के सोनाई-रूपाई वन्यजीव अभयारण्य का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र कभी हाथियों का प्रमुख विचरण स्थल था। वन क्षेत्र में मानव अतिक्रमण के कारण हाथी वहां से दूर चले गए थे, लेकिन अतिक्रमण हटाए जाने के बाद वे फिर लौट आए हैं।

प्रधानमंत्री ने दुनिया के अत्यंत दुर्लभ जीवों में शामिल पिग्मी हॉग के संरक्षण के लिए असम द्वारा उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि कभी विलुप्ति के खतरे का सामना कर रहे इस जीव की संख्या संरक्षण प्रयासों के बाद अब 190 से अधिक हो गई है।

प्रधानमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल को भी श्रद्धापूर्वक याद किया। वर्ष 1924 में जन्मे सिंघल के राम मंदिर निर्माण आंदोलन समेत विभिन्न योगदानों और त्याग का उल्लेख किया गया।

महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गांधीजी द्वारा दिखाए गए स्वच्छता के मार्ग को व्यवहार में लागू करना ही उनके प्रति उचित सम्मान होगा।

बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने बताया कि जनगणना-2026 के पहले चरण में 32 करोड़ लोगों की जनगणना पूरी हो चुकी है। उन्होंने देशव्यापी नशामुक्ति अभियान का भी उल्लेख किया, जिसके तहत समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान 100 सप्ताह तक चलेगा।

असम भाजपा के अनुसार, राज्य के 39 संगठनात्मक जिलों के 433 मंडलों के अंतर्गत 25 हजार से अधिक बूथों पर लाखों कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ सुनी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने भी सिपाझार विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 183 पर स्थानीय लोगों के साथ कार्यक्रम सुना।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश