home page

असम: हैलाकांदी में कृषि अधिकारियों की लापरवाही पर भड़के मंत्री पीयूष हजारिका, पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

 | 
असम: हैलाकांदी में कृषि अधिकारियों की लापरवाही पर भड़के मंत्री पीयूष हजारिका, पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस


हैलाकांदी (असम), 30 अक्टूबर (हि.स.)। असम के कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने शुक्रवार को हैलाकांदी जिले में कृषि विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली और कर्तव्य के प्रति लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि काम करने की इच्छा नहीं है तो वे नौकरी छोड़ क्यों नहीं देते।

मंत्री ने चेतावनी दी कि अधिकारियों की गलतियों और लापरवाही के कारण किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की आर्थिक सहायता से वंचित होना पड़ सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हजारिका ने पांच कृषि अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने अधिकारियों से अपनी कार्यशैली और लापरवाही के संबंध में जवाब मांगा है। मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ निलंबन सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण किसी भी पात्र किसान को सरकारी योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश