home page

नगांव उपचुनाव में पीयूष हजारिका का प्रचार, कांग्रेस के तीसरे स्थान पर रहने का तंज

 | 
नगांव उपचुनाव में पीयूष हजारिका का प्रचार, कांग्रेस के तीसरे स्थान पर रहने का तंज


गुवाहाटी, 26 सितंबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। असम सरकार के कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका ने शनिवार को धिंग और लाहोरीघाट विधानसभा क्षेत्रों में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने धिंग के शनि चर तथा लाहोरीघाट के चितलमारी चर में आयोजित सभाओं में एनडीए उम्मीदवार देवाशीष शर्मा के पक्ष में मतदान की अपील की।

हजारिका ने कहा कि चर क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती राजनीतिक नेतृत्व ने चर क्षेत्र के लोगों को उच्च शिक्षा और भूमि अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने चर क्षेत्रों में हाई स्कूल और चिकित्सा सुविधाएं विकसित करने का भी आश्वासन दिया।

सभाओं में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी का उल्लेख करते हुए हजारिका ने दावा किया कि एनडीए उम्मीदवार देवाशीष शर्मा भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पार्टी उपचुनाव में तीसरे स्थान पर रहेगी।

रहा विधानसभा क्षेत्र के बेबेजिया रंगमंच में आयोजित चुनावी सभा में असम गण परिषद (अगप) के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री अतुल बोरा तथा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री केशव महंत ने हिस्सा लिया। दोनों नेताओं ने सामागुड़ी विधानसभा क्षेत्र में कई चुनावी सभाओं को संबोधित करने के साथ गड़जान मंडल के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया।

मोरीगांव के विधायक रमाकांत देउरी ने मोरीगांव टाउन मंडल भाजपा के चुनाव प्रचार कार्यालय का उद्घाटन किया। वहीं विश्वनाथ के विधायक पल्लव लोचन दास ने मोरीगांव विधानसभा क्षेत्र के दंदुआ-भूरबंधा और कपिली-दलोंगघाट मंडलों के शक्तिकेंद्रों तथा बूथों की बैठकों में भाग लिया।

इस बीच भाजपा युवा मोर्चा ने नगांव-बटद्रवा, रहा, सामागुड़ी, रूपहीहाट और धिंग विधानसभा क्षेत्रों में 37 आंगन एवं चराघर बैठकें आयोजित कीं। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा ने नगांव जिले के 14 मंडलों में कुल 54 आंगन बैठकें आयोजित कीं। इन बैठकों में मंडल अध्यक्षों, बूथ प्रभारियों तथा जिला और राज्य स्तर के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

एनडीए उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र में करीब 20 स्थानों पर चुनावी सभाएं कीं और स्थानीय लोगों के साथ संवाद किया। महिला मोर्चा ने भी चामगुड़ी मंडल के विभिन्न बूथों पर आंगन बैठकों के जरिए चुनाव प्रचार अभियान चलाया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश