बराक घाटी में राजमा मिशन शुरू करेगी असम सरकार : पीयूष हजारिका
श्रीभूमि (असम), 30 अक्टूबर (हि.स.)। असम के कृषि, सिंचाई एवं संसदीय कार्य मंत्री पीयूष हजारिका ने शुक्रवार को बराक घाटी के जिलों में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष 'राजमा मिशन' शुरू करने की घोषणा की।
हजारिका श्रीभूमि जिले से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त जारी करने के राष्ट्रीय कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कृषि अवसंरचना कोष (एआईएफ) के तहत निर्मित 521 परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया और 12 बागवानी क्लस्टरों का शुभारंभ भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हजारिका ने कहा कि कृषि विभाग जल्द ही बराक घाटी के जिलों में राजमा मिशन शुरू करेगा। इसके तहत अगले वर्ष से किसानों के बीच उच्च गुणवत्ता वाले राजमा के बीज व्यापक स्तर पर वितरित किए जाएंगे। उन्होंने स्थानीय किसानों से आय के अतिरिक्त स्रोत के रूप में राजमा की खेती अपनाने का आह्वान किया।
मंत्री ने यह भी घोषणा की कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सुपारी और नारियल के पौधे वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार आधुनिक कृषि अवसंरचना, तकनीक और फसल विविधीकरण के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पहले हजारिका ने श्रीभूमि जिले के पथरकांडी विकासखंड के अकैदुम गांव स्थित पथिनी चाय बागान में नवनिर्मित ऑयल पाम नर्सरी का निरीक्षण किया। इसे राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम (एनएमईओ-ओपी) के तहत गोदरेज एग्रोवेट लिमिटेड के सहयोग से स्थापित किया गया है।
1,972 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली इस आधुनिक शेड-नेट नर्सरी में दो लाख उच्च गुणवत्ता वाले ऑयल पाम के पौधे तैयार करने की क्षमता है। मंत्री ने कहा कि पारंपरिक चाय बागान क्षेत्रों में वैकल्पिक और व्यावसायिक रूप से लाभकारी फसलों को बढ़ावा देने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
अपने दौरे के दौरान हजारिका ने श्रीभूमि के रामकृष्ण नगर क्षेत्र के अनिपुर में महावीर लाचित बरफूकन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इसके अलावा रामकृष्ण ब्लॉक में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का भी अनावरण किया।
इन कार्यक्रमों में कैबिनेट मंत्री कृष्णेंदु पॉल, विधायक विजय मालाकार और विधायक कमलाक्ष डे पुरकायस्थ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

