home page

सुबनसिरी और काम्ले जिलों के सीमा की भौतिक निशानदेही की मांग

 | 

इटानगर, 19 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के अपर सुबनसिरी-काम्ले डिस्ट्रिक्ट बाउंड्री अफेक्टेड पीपल्स फोरम ने राज्य सरकार से अपील की है कि वह अपर सुबनसिरी और काम्ले जिलों के बीच सीमा की भौतिक रूप से निशानदेही करने के लिए तुरंत कदम उठाए।

आज यहां मीडिया से बात करते फोरम के चेयरमैन डोस दासी तामिन ने कहा कि हाल ही में अलग-अलग वर्गों से मिली शिकायतों के बाद, 29 मई, 2026 को अरुणाचल प्रदेश सरकार के गृह विभाग ने एक नया नोटिफिकेशन जारी किया और 27 मई, 2020 को जारी पुराने नोटिफिकेशन को स्पष्ट किया; हम इस नए नोटिफिकेशन का स्वागत करते हुए उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की।

इस नए नोटिफिकेशन से सीमा विवाद अस्थायी रूप से तो सुलझ गया है, लेकिन इसका स्थायी समाधान तभी होगा जब अपर सुबनसिरी और काम्ले जिलों के बीच सीमा की भौतिक रूप से निशानदेही की जाएगी।

इसलिए, उन्होंने राज्य सरकार से एक फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी (तथ्यों की जांच करने वाली समिति) बनाने की अपील की, ताकि वे मौके पर जाकर स्थायी सीमा तय कर सकें और दोनों जिलों के लोगों के बीच किसी भी तरह के सीमा विवाद से बचा जा सके।

इसके साथ ही, उन्होंने राज्य सरकार से यह भी अनुरोध किया कि सीमा की निशानदेही सिगिन नदी से कम से कम 5 किलोमीटर दूर की जाए ताकि उन लोगों पर असर न पड़े जो कई दशकों से वहां बसे हुए हैं। उन्होंने दोनों जिलों की जनता से भी अपील की कि हम बातचीत के जरिए इस मामले को सुलझा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी