home page

राज्यपाल के अभिभाषण के बाद विधानसभा परिसर में हुआ फोटो सेशन

 | 
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद विधानसभा परिसर में हुआ फोटो सेशन


गुवाहाटी, 22 मई, (हि.स.)। असम विधानसभा में शुक्रवार को राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य के अभिभाषण के दौरान हुए हंगामे और विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बावजूद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी। राज्यपाल ने अपना पूरा अभिभाषण पढ़ा, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यपाल और विधायकों के साथ सामूहिक फोटोग्राफी सेशन की घोषणा की।

अभिभाषण समाप्त होने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य तथा नव-निर्वाचित विधायकों ने विधानसभा परिसर में सामूहिक तस्वीर खिंचवाई। इस दौरान असम के विकास और प्रगति के लिए एकजुटता का संदेश भी दिया गया।

उल्लेखनीय है कि फोटोग्राफी सेशन से ठीक पहले विधानसभा के भीतर तनावपूर्ण और शोरगुल वाला माहौल देखने को मिला। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस विधायकों ने महंगाई के विरोध में नारेबाजी की और सदन से वॉकआउट किया।

कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है। विरोध स्वरूप उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण का बहिष्कार करते हुए सदन की कार्यवाही से खुद को अलग कर लिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश