home page

शिलांग के लाबान थाने पर पेट्रोल बम से हमला, दो पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे

 | 
शिलांग के लाबान थाने पर पेट्रोल बम से हमला, दो पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे


शिलांग, 12 सितंबर (हि.स.)। मेघालय की राजधानी शिलांग में शनिवार तड़के अज्ञात बदमाशों ने लाबान पुलिस थाने पर दो पेट्रोल बम फेंककर हमला किया। घटना तड़के करीब 2:30 बजे की बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, स्कूटर पर सवार दो लोग थाने की चारदीवारी के पास पहुंचे और परिसर के भीतर पेट्रोल बम फेंककर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज की जांच में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां सामने आई हैं। एक पेट्रोल बम थाने के परिसर में खड़ी पुलिस की जिप्सी पर गिरा, जिससे वाहन को आंशिक नुकसान पहुंचा। वहीं, दूसरा पेट्रोल बम ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों के पास गिरा। दोनों पुलिसकर्मी तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर चले गए और घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

पुलिस अधीक्षक विवेक सिएम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान भी शुरू किया गया है। घटना के बाद इलाके में गश्त और वाहनों की जांच बढ़ा दी गई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश