home page

आरपीएफ कोकराझाड़ की तत्परता से घायल यात्री की बची जान: समय पर अस्पताल पहुंचाया

 | 
आरपीएफ कोकराझाड़ की तत्परता से घायल यात्री की बची जान: समय पर अस्पताल पहुंचाया


कोकराझाड़ (असम), 1 सितंबर (हि.स.)। ट्रेन संख्या 12510 डाउन के जनरल कोच से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए एक यात्री को आरपीएफ कोकराझाड़ की तत्परता से समय पर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना कोकराझाड़–सलाकाटी रेलखंड के बीच एलसी गेट संख्या 141 के पास की बताई गई है।

घायल यात्री की पहचान अनंत बोरा, पिता भगदत्त बोरा, निवासी कामालपुर, सिमलुगुड़ी, थाना डालपुर, जिला लखीमपुर के रूप में हुई है। सिर में चोट लगने के बाद यात्री किसी तरह कोकराझाड़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के सलाकाटी छोर तक पहुंचा।

आरपीएफ की विशेष शाखा द्वारा पूछताछ के दौरान यात्री ने बताया कि उसका नीले रंग का पिट्ठू बैग ट्रेन में ही छूट गया है। आरपीएफ की विशेष शाखा द्वारा इसकी सूचना तत्काल कोकराझाड़ के ड्यूटी स्टाफ एवं एसआईपीएफ को दी गई।

सूचना मिलते ही आरके सिंह, एसआईपीएफ/आरपीएफ/कोकराझाड़ ने उक्त स्थान पर पहुंचकर घायल यात्री के लिए तत्काल निजी वाहन की व्यवस्था की और उसे प्राथमिकता के आधार पर आरएनबी सिविल अस्पताल, कोकराझाड़ पहुंचाया। अस्पताल में यात्री का उपचार कराया गया।

इधर, आरपीएफ एनजेपी के सहयोग से यात्री का नीले रंग का पिट्ठू बैग भी संबंधित ट्रेन से बरामद कर लिया गया। आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से घायल यात्री को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने के साथ उसका सामान भी सुरक्षित वापस मिल गया।

वर्तमान में यात्री की हालत ठीक बताई जा रही है। आरपीएफ की इस तत्परता और मानवीय पहल की सराहना की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा