काजीरंगा के आसपास 1 किमी ईएसजेड के समर्थन में सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग
नगांव (असम), 18 अगस्त (हि.स.)। असम के कलियाबोर में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के आसपास रहने वाले सैकड़ों लोगों ने मंगलवार को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय उद्यान के आसपास इको-सेंसिटिव जोन (ईएसजेड) को 10 किलोमीटर से घटाकर 1 किलोमीटर करने के राज्य सरकार के फैसले के समर्थन में थे।
प्रदर्शनकारियों ने कुठारी से बागोरी तक मार्च निकाला और हाथों में प्लेकार्ड लेकर जोरहाट के सांसद गौरव गोगोई और विधायक अखिल गोगोई के खिलाफ नारेबाजी की। यह विरोध प्रदर्शन दोनों नेताओं की कथित टिप्पणियों के बाद किया गया, जिनमें काजीरंगा के आसपास ईएसजेड की सीमा प्रस्तावित 1 किलोमीटर के बजाय 10 किलोमीटर रखने की बात कही गई थी।
प्रदर्शन में कार्बी स्टूडेंट्स एसोसिएशन के सदस्यों के साथ कार्बी आंगलोंग के स्थानीय निवासियों ने भी भाग लिया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बड़े ईएसजेड के प्रस्ताव का विरोध करते हुए अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने 1 किलोमीटर ईएसजेड के पक्ष में तर्क देते हुए कहा कि काजीरंगा के आसपास रहने वाले स्थानीय समुदायों की चिंताओं और हितों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अत्यधिक बड़े ईएसजेड से स्थानीय लोगों की गतिविधियां और आजीविका प्रभावित हो सकती है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कुठारी से बागोरी तक मार्च किया और 1 किलोमीटर ईएसजेड के समर्थन में अपनी मांग रखी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

