home page

‘असम की जनता ने विकास के लिए मतदान किया’: एकनाथ शिंदे ने हिमंत को तीसरे कार्यकाल पर दी बधाई

 | 
‘असम की जनता ने विकास के लिए मतदान किया’: एकनाथ शिंदे ने हिमंत को तीसरे कार्यकाल पर दी बधाई


गुवाहाटी, 12 मई, (हि.स.)। असम में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं ने मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हिमंत बिस्व सरमा और गठबंधन को ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए इसे विकास की राजनीति पर जनता की मुहर बताया।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि असम की जनता ने विकास के मुद्दे पर मतदान किया है। एक वीडियो संदेश जारी करते हुए उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया और हिमंत बिस्व सरमा तथा उनकी टीम को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने पर बधाई दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के सहयोग से असम की जनता की आकांक्षाएं पूरी होंगी तथा राज्य में विकास की गति और तेज होगी।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी एनडीए की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि देशभर में सकारात्मक ऊर्जा का माहौल है और प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से भाजपा लगातार राज्यों में जीत दर्ज कर रही है।

असम गण परिषद के अध्यक्ष अतुल बोरा ने कहा कि जनता ने एनडीए को भारी जनादेश देकर गठबंधन पर अपना विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्ष असम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे और राज्य स्वर्णिम दौर की ओर बढ़ेगा।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी असम की जनता को बधाई देते हुए एनडीए की लगातार तीसरी जीत को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

वहीं, भाजपा नेता और दुलियाजान से निर्वाचित विधायक रामेश्वर तेली ने शपथ ग्रहण समारोह को अपने राजनीतिक जीवन का ऐतिहासिक क्षण बताते हुए पार्टी नेतृत्व और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आज गुवाहाटी में आयोजित हो रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कई केंद्रीय मंत्री तथा एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश