home page

म्यांमार के मीडिया संस्थानों पर प्रतिबंध हटाने की पीईसी की मांग

 | 
म्यांमार के मीडिया संस्थानों पर प्रतिबंध हटाने की पीईसी की मांग


गुवाहाटी, 23 जून (हि.स.)। वैश्विक मीडिया सुरक्षा एवं अधिकार संगठन प्रेस एम्बलम कैंपेन (पीईसी) ने म्यांमार की सैन्य-नियंत्रित सरकार द्वारा 97 मीडिया संस्थानों पर लगाए गए प्रतिबंधों पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी प्रकार के प्रतिबंध, लाइसेंस निरस्तीकरण और नियंत्रणात्मक कदमों को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

हाल ही में म्यांमार के तीन और मीडिया संस्थानों—म्याएलाट अथान, रेड न्यूज एजेंसी और एशिया सिटिजन्स—के परिचालन लाइसेंस रद्द किए जाने की खबरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त हुए पीईसी ने नायपीतॉ स्थित सरकार से सभी मीडिया संगठनों को स्वतंत्र और निष्पक्ष वातावरण में कार्य करने की अनुमति देने का आग्रह किया।

पीईसी के दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया प्रतिनिधि नव ठाकुरिया ने आज कहा कि पीईसी के अध्यक्ष ब्लेज लेम्पेन ने सभी स्वतंत्र मीडिया संस्थानों और प्रकाशन गृहों को बिना किसी हस्तक्षेप के अपना कार्य करने की स्वतंत्रता देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि म्यांमार की इंडिपेंडेंट प्रेस काउंसिल के अनुसार देश प्रेस स्वतंत्रता पर प्रतिबंधों के मामले में दुनिया के सबसे खराब देशों में बना हुआ है। उन्होंने नव-नियुक्त राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग से मीडिया पर लगाए गए सभी प्रकार के प्रतिबंधों में ढील देने की पहल करने का आह्वान किया।

नव ठाकुरिया ने यहां आज कहा कि 1 फरवरी, 2021 को सैन्य तख्तापलट के बाद से अब तक 215 से अधिक मीडिया कर्मियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से 18 पत्रकार अब भी हिरासत में हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बढ़ावा देने वाले गैर-लाभकारी संगठन अथान के अनुसार वर्ष 2026 की पहली तिमाही में सैन्य शासन द्वारा किसी भी पत्रकार की नई गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली है। संगठन के आंकड़ों के अनुसार मार्च 2026 तक आम माफी के तहत सात पत्रकारों को रिहा भी किया गया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश