home page

श्रीभूमि जिले के मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण पुनर्मतदान संपन्न

 | 
श्रीभूमि जिले के मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण पुनर्मतदान संपन्न


श्रीभूमि, 11 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 के तहत श्रीभूमि जिले के 123 उत्तर करीमगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 239, बेबीलैंड हाई इंग्लिश स्कूल में शनिवार को पुनर्मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान प्रक्रिया सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चली, जिसमें कुल 61.77 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में कुछ असामाजिक तत्वों ने उक्त मतदान केंद्र में अवैध रूप से प्रवेश कर ईवीएम पर कब्जा कर लिया था और कई वोट अवैध रूप से डाले थे, जिससे मतदान प्रक्रिया बाधित हुई थी। इस घटना की जानकारी निर्वाचन आयोग को मिलने पर आयोग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58 के तहत पुनर्मतदान का आदेश जारी किया था।

असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने पुनर्मतदान के शांतिपूर्ण संचालन के लिए मतदाताओं और संबंधित सभी पक्षों के प्रति आभार व्यक्त किया।

असम विधानसभा चुनाव 2026 में राज्य का कुल मतदान प्रतिशत 85.96 रहा। वहीं, 1,19,463 मतदाताओं ने डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया, जिनमें 83,459 चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मी, 85 वर्ष से अधिक आयु के 26,696 वरिष्ठ नागरिक, 8,614 दिव्यांग मतदाता तथा आवश्यक सेवाओं में लगे 694 मतदाता शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश