home page

इटानगर में शांतिपूर्ण रैली का आयोजित

 | 

इटानगर, 03 अगस्त (हि.स.)। यूनाइटेड अरुणाचल पीपल्स फोरम ने आज इटानगर में अपनी तीन मुख्य मांगों के समर्थन में एक शांतिपूर्ण रैली आयोजित की। इन मांगों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर सिस्टम को समाप्त करना, घरेलू उपभोक्ताओं को 1,000 यूनिट तक मुफ्त बिजली देना और इटानगर राजधानी क्षेत्र तथा उससे सटे कुछ किलोमीटर के इलाके को वन विभाग के आरक्षण (रिज़र्वेशन) से मुक्त करना शामिल है।

इस शांतिपूर्ण जन-रैली में सैकड़ों आम लोग और छात्र शामिल हुए। उन्होंने राज्य सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारे लिखे बैनर और पोस्टर हाथ में ले रखे थे। रैली आकाशदीप बाज़ार से शुरू होकर इटानगर के आईजी पार्क पहुंचकर समाप्त हुई।

सभा को संबोधित करते हुए फोरम के सदस्यों ने कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटरिंग सिस्टम आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर एक बड़ा बोझ बन गया है। उन्होंने दावा किया कि कई परिवार बैलेंस खत्म होने के तुरंत बाद अपने मीटर रिचार्ज नहीं कर पाते, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। इसलिए, हमने राज्य सरकार से राज्य में स्मार्ट मीटर सिस्टम को खत्म करने की मांग की।

उन्होंने सभी घरेलू उपभोक्ताओं या ग्रामीण इलाकों के लिए प्रति माह 1,000 यूनिट तक मुफ्त बिजली की मांग की और कहा कि अरुणाचल प्रदेश की विशाल जलविद्युत क्षमता का सीधा लाभ वहां के लोगों को मिलना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी