home page

मणिपुर में शांति बहाली पर जोर, सरकार कर रही हरसंभव प्रयास: मुख्यमंत्री

 | 
मणिपुर में शांति बहाली पर जोर, सरकार कर रही हरसंभव प्रयास: मुख्यमंत्री


इम्फाल, 28 अप्रैल (हि.स.)। मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने आज कहा है कि राज्य के विकास के लिए शांति अनिवार्य है और सरकार संवाद एवं वार्ता के जरिए सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने यह बात चानाम सैंड्रोक में लाई हाराओबा एंड विलेज डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा आयोजित एबुधो फुनाल निंगथौ तेलहैबा–संथोक निंगथौ अपनबा कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान कही।

हाल ही में हुए त्रोंग्लाओबी घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दो बच्चों की मौत से सभी समुदायों में गहरा दुख और आक्रोश है। उन्होंने बताया कि सरकार राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवागमन सुचारु करने और शांति बहाल करने के लिए निरंतर संवाद की प्रक्रिया जारी रखे हुए है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना से जुड़े मामले को नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी को सौंप दिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

विकास कार्यों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि केइराओ विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय विधायक द्वारा पूर्व में प्रस्तुत प्रस्तावों को शीघ्र गति दी जाएगी। उन्होंने क्षेत्र का दोबारा दौरा कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने की भी बात कही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मणिपुर लोक सेवा आयोग परीक्षा में सफल हुए क्षेत्र के पांच अभ्यर्थियों को सम्मानित किया और कहा कि कड़ी मेहनत से किसी भी पृष्ठभूमि का व्यक्ति सफलता हासिल कर सकता है।

केइराओ के विधायक एवं रामेश्वर मैतेई ने कहा कि मुख्यमंत्री के पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों के लगातार दौरे राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

कार्यक्रम में एलएचवीडीए के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश