पवन खेड़ा क्राइम ब्रांच के समक्ष पेश, मुख्यमंत्री की पत्नी के मामले में होगी पूछताछ
गुवाहाटी, 23 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा गुरुवार को असम पुलिस की क्राइम ब्रांच के समक्ष पेश हुए। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा द्वारा दर्ज कराए गए मानहानि एवं कथित फर्जी पासपोर्ट मामले में जारी समन के आधार पर वह पूछताछ के लिए गुवाहाटी पहुंचे।
यह मामला चुनाव से पहले पवन खेड़ा द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिनिकी भुइयां शर्मा पर कई पासपोर्ट रखने और विदेश में संपत्ति होने का आरोप लगाने से जुड़ा है। आरोपों को खारिज करते हुए रिनिकी भुइयां शर्मा ने उनके खिलाफ जालसाजी, मानहानि और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कराया था।
इस मामले में पवन खेड़ा को पहले ही सर्वोच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिल चुकी है। इससे पहले वह स्वास्थ्य कारणों और बेंगलुरु में पार्टी कार्यक्रम का हवाला देकर कई बार जारी समन पर उपस्थित नहीं हुए थे तथा इसकी जानकारी उन्होंने लिखित रूप से क्राइम ब्रांच को दी थी।
क्राइम ब्रांच कार्यालय पहुंचने से पहले पवन खेड़ा ने कहा कि वह कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करते हुए समन का पालन करने आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें असम आना हमेशा अच्छा लगता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

