रुपसी एयरपोर्ट पर आंशिक आपातकालीन मॉक ड्रिल एवं टेबल-टॉप बैठक आयोजित
कोकराझार (असम), 06 अक्टूबर (हि.स.)। रुपसी एयरपोर्ट पर मंगलवार को एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के रुपसी इकाई की ओर से विभिन्न आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से आंशिक आपातकालीन मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास का उद्देश्य किसी संभावित आपात स्थिति के दौरान विभिन्न एजेंसियों की तैयारियों, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना था।
मॉक ड्रिल में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं (एफएंडईएस), असम पुलिस तथा गौरीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के चिकित्सा अधिकारी ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अभ्यास के दौरान आपात स्थिति में बचाव, राहत एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न विभागों के बीच समन्वित कार्रवाई की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर बगरीबारी राजस्व चक्र के फील्ड ऑफिसर, कोकराझार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के प्रतिनिधि, रुपसी एयरपोर्ट के ओआईसी, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य संबंधित हितधारक उपस्थित रहे।
मॉक ड्रिल के बाद अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के बीच ब्रीफिंग और टेबल-टॉप बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयारियों को और मजबूत करने, जागरूकता बढ़ाने, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल और स्पष्ट भूमिका निर्धारित होना आवश्यक है। इस अभ्यास ने सामूहिक प्रयास और समन्वित कार्रवाई के माध्यम से आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को और मजबूत करने तथा एयरपोर्ट से जुड़े यात्रियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व को रेखांकित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

