पांडू रेस्ट कैंप कालीबाड़ी का दुर्गोत्सव: थाईलैंड के म्यूजियम की तर्ज पर बने पंडाल में दिखेगी हिंदू-बौद्ध संस्कृति की अनूठी झलक
गुवाहाटी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी दुर्गा पूजा के माहौल के बीच नगर के पांडु का ऐतिहासिक रेस्ट कैंप कालीबाड़ी सजकर तैयार है। इस वर्ष रेस्ट कैंप कालीबाड़ी की सार्वभौमिक दुर्गा पूजा अपने 78वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। देवी दुर्गा की आराधना को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और पूजा समिति के सदस्य इसे भव्य व आकर्षक बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं।
इस साल की पूजा का मुख्य आकर्षण 18 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा होगी, जिसे पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध मूर्तिकार काशीनाथ पाल द्वारा तैयार किया जा रहा है। पूजा का कुल बजट लगभग 65 लाख रुपये तय किया गया है।
इस बार का पंडाल थाईलैंड के एक म्यूजियम की तर्ज पर बनाया जा रहा है, जिसके जरिए हिंदू और बौद्ध संस्कृति के अनूठे संगम को दर्शाया जाएगा। यह कलाकारी और नक्काशी दर्शकों को अपनी ओर विशेष रूप से आकर्षित करेगी।
पंचमी से दशमी तक सात दिनों तक सांस्कृतिक मंच पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें स्थानीय और विशिष्ट कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा, पूजा के दिनों से ही एक विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें खाने-पीने के स्टॉल और बच्चों के लिए झूले मुख्य आकर्षण होंगे।
दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकारी नियमों के तहत सीसीटीवी कैमरे और निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे। साथ ही, वाहन पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है। हर साल की तरह इस बार भी पूजा के अवसर पर एक स्मारिका (मैग्जीन) प्रकाशित की जाएगी, जिसका संपादन सेवानिवृत्त शिक्षक व साहित्यकार दीपक भद्र संभाल रहे हैं।
पूजा समिति के सभी सदस्य इस उत्सव को सफल बनाने के लिए पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

