पांडु कॉलेज के 65 वर्ष पूरे: विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया स्थापना दिवस
गुवाहाटी, 05 सितंबर (हि.स.)। पांडु कॉलेज (स्वायत्त) का 65वां स्थापना दिवस शनिवार को कॉलेज परिसर में बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, गणमान्य अतिथि, सदस्यगण और शुभचिंतक उच्च शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान के लंबे और महत्वपूर्ण योगदान को याद करने के लिए एकत्र हुए। साथ ही, इसी दिन शिक्षक दिवस भी मनाया गया, जो पीढ़ियों से विद्यार्थियों का भविष्य गढ़ने और पांडु कॉलेज की शैक्षणिक परंपरा को और मजबूत करने में शिक्षकों की निष्ठा व अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक विशेष अवसर बन गया।
सुबह ध्वजारोहण के साथ समारोह की शुरुआत हुई, जिसके बाद पुष्पांजलि और प्रसाद वितरण किया गया। पांडु कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय ज्योति बोरा ने सभा को संबोधित करते हुए एक स्वायत्त संस्थान के रूप में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उप-प्राचार्य डॉ. चंदना सिन्हा रॉय ने प्राचार्य की ओर से स्वागत भाषण दिया। उन्होंने अंतर्विभागीय सहयोग बढ़ाने, शिक्षण प्रक्रिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक को शामिल करने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कौशल विकास केंद्रित नए पाठ्यक्रम शुरू करने की भविष्य की योजनाओं का उल्लेख किया।
समारोह के मुख्य आकर्षण असमिया साहित्यकार, साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता और दैनिक 'आमार असम' के मुख्य संपादक मनोज कुमार गोस्वामी थे। उन्होंने एआई के प्रभाव, 'ब्रेन ड्रेन' और विश्वविद्यालयों के लिए पर्याप्त फंडिंग की कमी जैसे गंभीर विषयों पर विचार रखे।
इस कार्यक्रम में डॉ. अनुप कुमार दास, डॉ. अंकुर ज्योति तालुकदार, डॉ. दीक्षा शर्मा, डॉ. देबाश्री कौशिक और डॉ. रुबिना आजमीरा बेगम को पीएचडी उपाधि प्रदान किया गया। पेटेंट हासिल करने के लिए संपता तालुकदार और डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय में सीएसआईआर सिंपोजियम में 'बेस्ट पोस्टर अवार्ड' जीतने वाले रसायन विज्ञान विभाग के सौराज्योति रॉय को सम्मानित किया गया। गौहाटी विश्वविद्यालय में अपने विभागों में प्रथम श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली भूगोल विभाग की हर्षिता दत्ता और रसायन विज्ञान विभाग की शबनम साहिना को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा विद्यार्थियों और विभागों को पुरस्कार प्रदान किया गया। जैसे बेस्ट ग्रेजुएट अवार्ड विज्ञान शाखा व कला साखा को प्रदान किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करने वाले विभिन्न विभागों के दर्जनों विद्यार्थियों को बेस्ट इम्प्रूवर अवार्ड पुरस्कार दिया गया। साथ ही ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल चैंपियनशिप में असम का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक जीतने वाली हिया चेतिया और संगीता शर्मा को सम्मानित किया गया।
अन्य पुरस्कारो में बेस्ट क्लब,बेस्ट डिपार्टमेंट,बेस्ट रीडर्स अवार्ड प्रदान किया गया।
साथ ही भवेंद्र कुमार नाथ (तृतीय श्रेणी) और सुरेश बोड़ो (चतुर्थ श्रेणी) पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा नंदिता चौधरी मेमोरियल अवार्ड, डॉ. अनिता तालुकदार अवार्ड, नरेंद्र नाथ बर्मन मेमोरियल अवार्ड और बीना चौधरी मेमोरियल अवार्ड भी प्रदान किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

