home page

जॉब कार्ड के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में पंचायत जीआरएस गिरफ्तार

 | 
जॉब कार्ड के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में पंचायत जीआरएस गिरफ्तार


नगांव (असम), 18 जून (हि.स.)। नगांव जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सदर पुलिस ने एक पंचायत जीआरएस (ग्राम रोजगार सहायक) को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान बबीता काकती के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, बबीता काकती पर आरोप है कि उसने जॉब कार्ड बनवाने के नाम पर लोगों से प्रति व्यक्ति 300 रुपये की रिश्वत वसूली। शिकायतों के आधार पर की गई जांच में सामने आया कि इस प्रक्रिया के जरिए उसने लगभग तीन लाख रुपये अवैध रूप से प्राप्त किए।

स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बाद नगांव पुलिस ने अभियान चलाकर आरोपित अधिकारी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे नगांव सदर पुलिस थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रिश्वतखोरी का यह नेटवर्क कितने समय से संचालित हो रहा था तथा इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश