11.50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पानबाजार पुलिस की कार्रवाई, मुख्य आरोपित हर्ष अग्रवाल सिलीगुड़ी से गिरफ्तार
गुवाहाटी, 09 नवंबर (हि.स.)। पानबाजार पुलिस ने 11.50 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित हर्ष अग्रवाल (30) को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय अभियान चलाकर यह कार्रवाई की।
असम पुलिस मुख्यालय की ओर से दी गयी आज जानकारी के अनुसार भारतीय सेना के फर्जी आपूर्ति आदेश तैयार करने, सेना के अधिकारियों के रूप में पहचान बताकर धोखाधड़ी करने और जाली वित्तीय दस्तावेजों का इस्तेमाल करने के आरोप हैं। पानबाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक शंकर ज्योति नाथ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वित्तीय लेन-देन, डिजिटल साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर विस्तृत जांच की।
पुलिस के अनुसार, हर्ष अग्रवाल ने कथित तौर पर शुरुआत में शिकायतकर्ता से अपने भाई आयुष अग्रवाल का परिचय दूर के रिश्तेदार के रूप में कराया था, जो सेना के लिए आपूर्ति संबंधी ठेके का काम करता था। इसके बाद आरोपितों ने कारोबारी संबंधों का फायदा उठाकर गुवाहाटी स्थित मेसर्स ग्लोबल ट्रेडर्स का विश्वास हासिल किया और 11,50,56,180 रुपये की कथित धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
जांच के दौरान मिले सुरागों और विशेष खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिलीगुड़ी में हर्ष अग्रवाल का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पानबाजार थाना कांड संख्या 214/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने अब तक विभिन्न बैंक खातों में दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि फ्रीज कराई है। पुलिस धोखाधड़ी की पूरी रकम का पता लगाने, अन्य लाभार्थियों की पहचान करने और शेष आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए आगे की जांच कर रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

