भगवान महावीर निर्वाणोत्सव पर पदमचंद पाटनी परिवार को मिला समाज गौरव सम्मान
गुवाहाटी, 09 नवंबर (हि.स.)। भगवान महावीर के 2553वें निर्वाणोत्सव के पावन अवसर पर श्री दिगंबर जैन समाज (गुवाहाटी) ने समाज के वरिष्ठ सदस्य पदमचंद पाटनी एवं उनके परिवार को उल्लेखनीय योगदान के लिए 'समाज गौरव' सम्मान से सम्मानित किया।
फैंसी बाजार के एमएस रोड स्थित भगवान महावीर धर्म स्थल में आयोजित निर्वाणोत्सव समारोह के दौरान समाज के चेयरमैन महावीर प्रसाद छाबड़ा, अध्यक्ष महावीर जैन, मंत्री वीरेंद्र कुमार सरावगी, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सेठी सहित अन्य पदाधिकारियों ने पाटनी परिवार को शाल, श्रीफल, पुष्पमाला एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष महावीर जैन ने कहा कि पाटनी परिवार पिछले कई वर्षों से धर्म, मंदिर, शिक्षा, साधु-संतों की सेवा तथा समाज के जरूरतमंद परिवारों की सहायता में निरंतर योगदान देता रहा है।
सम्मान ग्रहण करने के बाद पदमचंद पाटनी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनके परिवार का नहीं, बल्कि पूरे जैन समाज का है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार आगे भी तन-मन-धन से समाज और धर्म की सेवा करता रहेगा।
समारोह में सकल जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

