home page

केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा ने दिखाई मानवता, 14 वर्षीय बीमार किशोरी के इलाज का उठाया जिम्मा

 | 
केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा ने दिखाई मानवता, 14 वर्षीय बीमार किशोरी के इलाज का उठाया जिम्मा


-सोशल मीडिया पर मदद की अपील के एक घंटे के भीतर लिया संज्ञान-परिवार को दी आर्थिक संकट से उबरने की उम्मीद

जोरहाट (असम), 21 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा ने संकट की घड़ी में एक जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए आगे आकर मानवता की मिसाल पेश की है। सोशल मीडिया पर मदद की अपील से जुड़ी फेसबुक पोस्ट पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्होंने जोरहाट की 14 वर्षीय बीमार किशोरी के इलाज की पूरी जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया है।

असम प्रदेश भाजपा ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर-पश्चिम जोरहाट जिले के एलेंगमुरा निवासी अरुण बोरा इलाके में साइकिल मिस्त्री के रूप में जाने जाते हैं। साइकिलों की मरम्मत कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले अरुण बोरा का परिवार हाल ही में भोगदोई नदी में आई बाढ़ से प्रभावित हुआ था। बाढ़ के कारण हुए नुकसान से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि उस पर एक और गंभीर संकट आ गया।

अरुण बोरा की 14 वर्षीय बेटी गंभीर बीमारी से पीड़ित है। बेहतर इलाज के लिए उसे जोरहाट मेडिकल कॉलेज से गुवाहाटी स्थित कैंसर संस्थान रेफर किया गया है, जहां फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। बेटी के इलाज में बड़ी रकम की जरूरत पड़ने से परिवार आर्थिक संकट में घिर गया। सरकारी स्वास्थ्य योजना का लाभ मिलने के बावजूद इलाज के अतिरिक्त खर्चों का बोझ उठाना परिवार के लिए मुश्किल हो रहा था।

इसी बीच किशोरी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की गई। पोस्ट साझा होने के महज एक घंटे के भीतर केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने फोन के माध्यम से पोस्ट साझा करने वाले व्यक्ति से संपर्क किया और किशोरी के परिजनों से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने किशोरी के इलाज का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी लेने की बात कही।

एक पिता के लिए सबसे कठिन समय में केंद्रीय मंत्री की इस त्वरित पहल से परिवार को नई उम्मीद मिली है। व्यस्त सार्वजनिक जीवन के बावजूद सोशल मीडिया पर आई मदद की अपील पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए जरूरतमंद परिवार के साथ खड़े होने के उनके इस कदम की सराहना हो रही है।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा इससे पहले भी कई जरूरतमंद परिवारों के इलाज और शिक्षा का खर्च उठाने में मदद कर चुके हैं।

फिलहाल अरुण बोरा और उनके परिवार की सबसे बड़ी उम्मीद अपनी बेटी के स्वस्थ होकर घर लौटने की है। किशोरी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए जोरहाट के लोग केंद्रीय मंत्री के इस मानवीय प्रयास की सराहना कर रहे हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय