पवित्र मार्घेरिटा 3 से 5 नवंबर तक स्पेन के सरकारी दौरे पर रहेंगे: भाजपा
गुवाहाटी, 01 नवंबर (हि.स.)। विदेश एवं वस्त्र मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री पवित्र मार्घेरिटा 3 से 5 नवंबर तक सरकारी दौरे पर स्पेन जाएंगे। इस दौरान वह स्पेन में आयोजित होने वाले 30वें इबेरो-अमेरिकी सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
असम प्रदेश भाजपा ने आज एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है। बयान के अनुसार भारत इस सम्मेलन में सहयोगी पर्यवेक्षक राष्ट्र के रूप में हिस्सा लेगा। सम्मेलन में कुल 54 देश शामिल हैं, जिनमें 22 सदस्य राष्ट्र, 12 सहयोगी पर्यवेक्षक और 20 परामर्शदाता पर्यवेक्षक राष्ट्र हैं।
मंत्री का यह दौरा भारत और स्पेन द्वारा मनाए जा रहे 'संस्कृति, पर्यटन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के संयुक्त वर्ष' के तहत भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दौरे के दौरान पवित्र मार्घेरिटा विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इसके अलावा वह स्पेन की राजधानी मैड्रिड में प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ भी बातचीत करेंगे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

