home page

पांच लाख भाजपाइयों ने लिया प्रधानमंत्री के ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में हिस्सा

 | 
पांच लाख भाजपाइयों ने लिया प्रधानमंत्री के ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में हिस्सा


गुवाहाटी, 30 मार्च (हि.स.)। असम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में सोमवार को पांच लाख से अधिक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यह जानकारी प्रदेश भाजपा की ओर से जारी एक बयान में दी गई।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन को असम के विकास की गति को और तेज करने के लिए “आशीर्वाद स्वरूप” बताया। दोपहर 1 बजे आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्यभर के बूथ और शक्ति केंद्र स्तर के कार्यकर्ताओं को जोड़ा गया, जिसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने असम के विभिन्न क्षेत्रों से चुने गए पांच कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत भी की और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद दिलीप सैकिया ने कहा कि यह पहल कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतने के लिए समर्पित भाव से काम करते हैं।

प्रदेश प्रवक्ता रंजीब शर्मा के अनुसार, राज्य के कुल 6,348 शक्ति केंद्रों में से 4,500 से अधिक केंद्रों पर पांच लाख से अधिक कार्यकर्ता एकत्र होकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्घेरिटा ने भी गुवाहाटी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भवन में कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

इधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन ने अपने दो दिवसीय असम दौरे के बाद सोमवार को नई दिल्ली रवाना हुए। अपने दौरे के दौरान उन्होंने मोरीगांव जिले के जागीरोड स्थित देवशाल मैदान में आयोजित ‘विजय संकल्प यात्रा’ के तहत एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। यह सभा पार्टी प्रत्याशी और मंत्री पियूष हजारिका के समर्थन में आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया भी उपस्थित थे।

हालांकि, प्रतिकूल मौसम के कारण नीतिन नवीन गोलाघाट जिले के बोकाखात में आयोजित एक अन्य चुनावी सभा में शामिल नहीं हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश