असम पुलिस में बड़ा फेरबदल, 35 से अधिक अधिकारियों का तबादला
गुवाहाटी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। असम सरकार ने राज्य पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए विभिन्न रैंक के 35 से अधिक पुलिस अधिकारियों का तबादला और नई जगहों पर पदस्थापन किया है। इनमें पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और बटालियन कमांडेंट स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
फेरबदल के तहत महतो अमित कुमार सिधि प्रसाद को मुख्यमंत्री के वरिष्ठ एसपी (सुरक्षा-I) के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्होंने उत्पल बायन का स्थान लिया है। बायन को गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय में डीसीपी (बॉर्डर) के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
23वीं असम पुलिस बटालियन, सिलानी के कमांडेंट निर्मल बैश्य को गुवाहाटी में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के उप निदेशक के पद पर भेजा गया है। वहीं, सदिया स्थित छठी असम कमांडो बटालियन के कमांडेंट आनंद टोकबी को 23वीं असम पुलिस बटालियन का कमांडेंट नियुक्त किया गया है।
श्रीभूमि स्थित 15वीं असम पुलिस बटालियन की कमांडेंट गीतांजलि दलै को गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय में डीसीपी (प्रोटोकॉल) बनाया गया है। उन्होंने इफ्तखार अली का स्थान लिया है। अली को बरपेटा में एसएसपी (एफआरआरओ) के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
बिस्वनाथ के अतिरिक्त एसपी (मुख्यालय) देबोर्षि चौधरी को 15वीं असम पुलिस बटालियन का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। बजाली के एएसपी (मुख्यालय) अमित राज चौधरी अब बिस्वनाथ के अतिरिक्त एसपी (मुख्यालय) का दायित्व संभालेंगे।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे भार्गव संजीवन गोस्वामी को कोकराझार में एएसपी (मुख्यालय) के पद पर तैनात किया गया है।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में असम पुलिस की विभिन्न इकाइयों और जिलों में अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनाती का विस्तृत ब्यौरा दिया गया है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

