आप्यो ने मुख्यमंत्री खांडू को अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की
इटानगर, 03 मार्च(हि.स.)। अखिल अरुणाचल प्रदेश युवा संगठन (आप्यो) ने
मुख्यमंत्री पेमा खांडू से नैतिक आधार पर अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की है।
संगठन का आरोप है कि मुख्यमंत्री बड़े पैमाने पर अनियमितताओं में कथित तौर पर
शामिल कंपनियों और अधिकारियों के मामले में अपनी आंखें मूंद ली है।
आज अरुणाचल प्रेस क्लब (एपीसी) में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए, आप्यो के अध्यक्ष किपा कानाम ने एनएच-415 पैकेज बी और सी
परियोजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि
निर्माण एजेंसी ने दोषपूर्ण टीएमटी बार और घटिया सीमेंट का इस्तेमाल किया, जिससे जन सुरक्षा खतरे में पड़ गई।
संगठन के अनुसार, निर्माणाधीन राजमार्ग के 18 खंभे दोषपूर्ण
सामग्री से बनाए गए हैं, जो राजधानी परिसर के बुनियादी ढांचे के महत्वपूर्ण घटक हैं।
हाल ही में उनकी शिकायत के अनुसार, राजधानी जिला
प्रशासन ने निर्माणाधीन फ्लाईओवर के खंभों का हमर परीक्षण किया, जिसमें 12 में से 2 खंभे कमजोर पाए गए और 6 खंभों का हमर
परीक्षण किया जाना बाकी है।
आप्यो ने आरोप लगाया कि मामले की गंभीरता के बावजूद, मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर आंखें मूंद ली हैं।
कानाम ने आगे बताया कि आप्यो के प्रतिनिधियों ने गृह मंत्री से तीन बार मुलाकात
की थी और मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया था कि इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष
उठाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि गृह मंत्री इसमें शामिल अधिकारियों और
कार्यकारी एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने के इच्छुक थे, लेकिन कानाम ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की अनिच्छा के कारण अब तक कोई
कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा यदि अरुणाचल प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता नीति अपनाती है, तो एनएच-415 पर पापू नाला से मॉडल विलेज तक फ्लाईओवर सड़क के परियोजना
डेवलपर्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की जानी चाहिए।”
आप्यो की प्रमुख मांगों में सभी कमजोर और दोषपूर्ण पीलर और 13 गर्डरों को तुरंत हटाना और कथित घोटाले में शामिल सभी अधिकारियों को निलंबित करना
शामिल है।
युवा संगठन ने आगे चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द से जल्द पूरी नहीं की
गईं, तो वे सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से मिलने के लिए नई
दिल्ली तक मार्च करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

