home page

पगलादिया नदी पर निर्माणाधीन पुल से आवागमन पर प्रतिबंध

 | 
पगलादिया नदी पर निर्माणाधीन पुल से आवागमन पर प्रतिबंध


तामुलपुर (असम), 09 सितम्बर (हि.स.)। नयाबस्ती–कुमारीकाटा मार्ग पर पगलादिया नदी के ऊपर निर्माणाधीन पुल के निर्माण स्थल पर आम लोगों के प्रवेश और आवागमन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। मुशलपुर लोक निर्माण विभाग ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्देश जारी किया है।

वर्तमान में निर्माण स्थल पर भारी मशीनरी, मिट्टी की खुदाई तथा निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की आवाजाही जारी है। ऐसे में आम लोगों के प्रवेश से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। विभाग ने स्थानीय निवासियों, राहगीरों और अन्य लोगों से निर्माण स्थल में प्रवेश नहीं करने तथा लगाए गए चेतावनी बोर्ड, बैरिकेड और सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

जहां वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हैं, वहां निर्माण कार्य पूरा होने तक लोगों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं, संबंधित ठेकेदार संस्था को निर्माण स्थल पर पर्याप्त बैरिकेड लगाने, दिन-रात स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले चेतावनी बोर्ड लगाने, रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

विभागीय कार्यकारी अभियंता के अनुसार, यह प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है और पुल निर्माण कार्य पूरा होने अथवा अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। तामुलपुर जिला के अतिरिक्त जिला आयुक्त डॉ. दीपांकर नाथ के निर्देशानुसार यह जानकारी जारी की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा