यूसीसी का विरोध कर कांग्रेस समेत विपक्ष भविष्य में मियां वोट भी खो देगा : दिलीप सैकिया
गुवाहाटी, 14 मई (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल वोट बैंक की राजनीति कर रहा है।
दिलीप सैकिया ने आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यूसीसी का विरोध करके कांग्रेस समेत विपक्षी दल भविष्य में उन मियां वोटों को भी खो देंगे, जो उन्हें अब तक मिलते रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार राजनीतिक झटके मिलने के बावजूद विपक्ष जनता की भावना को समझने में विफल रहा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “नाव डूब जाने के बाद भी वे छप्पर से नीचे नहीं उतरते।” सैकिया ने कहा कि राजनीतिक अवसान के बाद भी विपक्ष जनता के मन की बात नहीं समझ पाया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और रायजर दल के प्रमुख अखिल गोगोई यूसीसी का विरोध कर केवल वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

