दुर्गा पूजा से पहले बंगाईगांव में पुलिस-परिवहन विभाग ने तेज किया अभियान
-नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ बीती रात राजमार्गों पर कड़ी कार्रवाई
बंगाईगांव (असम), 24 सितम्बर (हि.स.)। आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ बंगाईगांव में पुलिस एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से व्यापक अभियान आरंभ किया है। जिला के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर बुधवार की रात के समय जिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नोमल माहत्ता के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों की विशेष जांच की गई और शराब के नशे में वाहन चलाने वाले कई चालकों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण तथा आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान जिला दंडाधिकारी एवं जिला परिवहन अधिकारी भी उपस्थित रहे और कार्रवाई की निगरानी की। प्रशासन की ओर से पूजा के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन तथा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
जिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नोमल माहत्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार नशे में वाहन चलाने वालों तथा सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में वाहन चलाकर स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान को खतरे में न डाले, इसके लिए पुलिस द्वारा सख्त कदम उठाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

