ड्रग्स तस्करी में शामिल एक तस्कर गिरफ्तार
तिनसुकिया (असम), 20 जुलाई (हि.स.)। तिनसुकिया जिले के जागुन में ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि लेखापानी और जागुन पुलिस की संयुक्त टीम ने एक सुनियोजित अभियान चलाकर कथित ड्रग्स कारोबारी राजेन चारुकिया को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से 24.37 ग्राम प्रतिबंधित ड्रग्स, 1.50 लाख रुपये नकद तथा तस्करी में प्रयुक्त एक लग्जरी कार और एक स्कूटी जब्त की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके ठिकाने पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित ड्रग्स और नकदी बरामद होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपित की पत्नी वर्षा चारुकिया भी कथित रूप से इस अवैध कारोबार में सक्रिय रूप से शामिल थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वह घर के पिछले दरवाजे से फरार होने में सफल रही। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने ड्रग्स तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एएस-04ए-8991 नंबर की लग्जरी कार और एएस-23एई-0239 नंबर की स्कूटी को भी जब्त कर लिया है। बरामद नकदी को ड्रग्स कारोबार से जुड़ी आय मानते हुए उसके स्रोत की भी जांच की जा रही है।
लेखापानी और जागुन पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए इस मादक पदार्थ विरोधी अभियान का नेतृत्व एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने किया। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ के आधार पर पूरे ड्रग्स नेटवर्क, उसके सप्लायरों और अन्य संभावित सहयोगियों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके विरुद्ध कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

