अमीनगांव के जयगुरु में सड़क हादसे में एक की मौत
कामरूप (असम), 04 मार्च (हि.स.)। होली के उत्सव के बीच अमीनगांव के जयगुरु क्षेत्र में मंगलवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एएस-25-एफसी-0928 नंबर के डंपर की टक्कर से व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई। यह डंपर आईआईटी गुवाहाटी मार्ग से जिला आयुक्त कार्यालय को जोड़ने वाली सड़क निर्माण कार्य में लगा हुआ था।
मृतक की पहचान राजस्थान निवासी तुलसी राम शर्मा के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह नवनिर्मित सड़क परियोजना में प्रीतम शर्मा और अनुराग तालुकदार नामक ठेकेदारों के अधीन कार्यरत थे।
दुर्घटना के बाद डंपर चालक घटनास्थल से फरार हो गया, हालांकि उत्तर गुवाहाटी के गौरीपुर पुलिस ने बाद में दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया। डंपर के मालिक का नाम प्रदीप कलिता बताया गया है।
पुलिस ने शव को बरामद कर उत्तर गुवाहाटी स्थित जीएनआरसी अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए रख दिया है। इस बीच घटना को दबाने की कोशिश किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। यह भी आरोप लगाया गया है कि दुर्घटना में शामिल डंपर के आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

