भयावह आग की घटना में एक महिला की जलकर मौत
इटानगर, 27 फरवरी (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के राजधानी इटानगर में आज दोपहर के समय इटानगर के अरुणाचल प्रदेश सिविल सचिवालय के सामने लोअर ई-सेक्टर में लगी भयावह आग में एक महिला की जहां जलकर मौत हो गई वहीं दो नाबालिग लड़कियां आग में झुलकर घायल हो गईं।
मृतक महिला की पहचान तारह तामे की पत्नी तारह यायूम के रूप में हुई है, जबकि आग में घायल हुई दो लड़कियों की शिनाख्त तारह याके और तारह रोशनी के रूप में हुई है।
इटानगर अग्निशमन विभाग के प्रभारी अधिकारी कोज टी गाम्बो ने बताया कि उन्हें लगभग 12:33 बजे सूचना मिली और तुरंत इटानगर अग्निशमन केंद्र के कर्मचारी 5 दमकल गाड़ियों के साथ सिविल सचिवालय के सामने लोअर ई-सेक्टर स्थित हादसे वाली जगह पर पहुंचे।
रिपोर्ट के अनुसार, आग दारे यांगुम के आधा पक्का (ओबीटी) मकान में मोमबत्ती की लौ से लगी थी। घटना में 3 एलपीजी सिलेंडर फटने से आग और भी भयावह रूप धारण कर लिया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए टीआरआईएचएमएस भेजा गया।
उन्होंने बताया कि संपत्ति के कुल नुकसान का आकलन अभी बाकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

