home page

बरसात के पानी में बह गया बच्चा, मौत

 | 
बरसात के पानी में बह गया बच्चा, मौत


बरसात के पानी में बह गया बच्चा, मौत


रि-भोई (मेघालय) 28 अक्टूबर (हि.स.) । मेघालय के रि-भोई जिले के खानापारा इलाके में बरसात के पानी में एक बच्चा बह गया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई।

खानापारा पुलिस ने बताया है कि शुक्रवार तड़के सुबह हुई मूसलाधार बरसात के बाद सुबह नोन्कचिगिट्टिम इलाके में एक बच्चा बरसात के पानी में डूबने की घटना की सूचना मिली। इसके बाद खानापारा पुलिस स्टेशन से एसआई प्रदीप दास और उनकी टीम को मौके पर भेजा गया। बचाव कार्य के लिए फायर और इमरजेंसी सर्विस को भी सूचित किया गया।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि नोन्कचिगिट्टिम के रहने वाले सलीम खान के 5 साल के बेटे, मेवान्शवा मावब्लेई, अपने घर के बाहर खेल रहा था। भारी बारिश के कारण घर के पास पानी का स्तर बहुत ऊंचा था। बच्चा पानी में गिरने के साथ ही पानी की तेज़ धारा में बह गया।

स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने खोजबीन की और सुबह लगभग 10:47 बजे शव बरामद किया गया। बच्चे को तुरंत इलाज के लिए पीए संगमा मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। शव की जांच (इनक्वेस्ट) की गई और कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई; परिवार वालों ने पोस्टमार्टम से छूट का अनुरोध किया, जिसे री-भोई जिले के एडीएम ने स्वीकार कर लिया। सभी औपचारिकताओं के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी