अरुणाचल बाढ़ः एक और शव बरामद
इटानगर, 27 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के केयी पैन्योर ज़िले के पोसा में हाल ही में बादल फटने की घटना के बाद आई बाढ़ से भारी तबाही हुई है। इस बीच राहत एवं बचाव अभियान के दौरान आज एक और शव बरामद हुआ। हादसे के बाद अभी भी तीन लोग लापता बताये गये हैं।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि केयी पैन्योर ज़िले के पोसा में बादल फटने की विनाशकारी घटना के बाद चल रहे खोज और बचाव अभियान के दौरान मिले शव की पहचान बलारी मराक (30) के रूप में की गई है।
शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान की। इस ताज़ा घटनाक्रम के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है, जबकि तीन लोग अभी भी लापता हैं। मुश्किल हालात के बावजूद खोज और बचाव टीमें ज़ोर-शोर से अपना काम कर रही हैं।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि लापता लोगों का पता लगाने और प्रभावित परिवारों को मदद पहुंचाने की हर संभव कोशिश की जा रही है। बचाव अभियान के आगे बढ़ने के साथ और जानकारी मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

