मुख्यमंत्री के नाम से फर्जी ईमेल बनाकर ठगी की कोशिश, एक गिरफ्तार
गुवाहाटी, 19 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर लोगों को कथित सरकारी संदेश भेजने के मामले में सीआईडी की साइबर पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
सीआईडी की ओर से जारी बयान के अनुसार, 16 जुलाई को इस मामले में सीआईडी साइबर थाना केश नंबर 11/2026 दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि cmassamgov.in@gmail.com नामक संदिग्ध ईमेल आईडी बनाकर मुख्यमंत्री की पहचान का दुरुपयोग किया जा रहा था तथा दुर्भावनापूर्ण उद्देश्य से लोगों को कथित आधिकारिक संचार भेजे जा रहे थे।
जांच के दौरान पुलिस ने रविवार को पंकज दास (34) को उसके कामरूप जिले के चांगसारी थाना अंतर्गत धोपारतारी स्थित आवास से गिरफ्तार किया। आरोपित के पिता का नाम अजीत दास बताया गया है।
पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश किया, जहां से उसे आगे की पूछताछ के लिए तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

