home page

मरम्मत के बाद पुराना सराईघाट पुल यातायात के लिए खुला

 | 
मरम्मत के बाद पुराना सराईघाट पुल यातायात के लिए खुला


गुवाहाटी, 15 सितंबर (हि.स.)। ब्रह्मपुत्र नदी पर स्थित पुराने रेल-सह-सड़क सराईघाट पुल को मंगलवार दोपहर 12:30 बजे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के कारण पुल को 13 जुलाई से बंद रखा गया था। पुल के दोबारा खुलने से गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी के बीच आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने पुल पर आवश्यक संरचनात्मक मरम्मत का कार्य पूरा करने के बाद इसे यातायात के लिए बहाल किया। पुराने पुल के बंद रहने के दौरान वाहनों को नए सराईघाट पुल से होकर गुजरना पड़ रहा था। इससे नए पुल पर यातायात का दबाव बढ़ गया था और कई बार भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हुई।

पुराने सराईघाट पुल के खुलने के बाद अब वाहनों का आवागमन दोनों पुलों से होगा। इससे यातायात का दबाव विभाजित होने और गुवाहाटी में जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। पुल की बहाली से ब्रह्मपुत्र के दोनों किनारों के बीच संपर्क और आवागमन भी सुगम होगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश