जोरहाट में दो नाबालिगों के यौन शोषण के आरोप में बुजुर्ग गिरफ्तार
जोरहाट (असम), 09 मई (हि.स.)। जिले के चेनीजान के रामपुर भकतगांव में हुई एक भयावह घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फ़ैला दिया है। पुलिस ने आज बताया कि दो नाबालिग किशोरियों के साथ बलात्कार करने के आरोप में एक 65 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ गंभीर मामला सामने आया है।
आरोपों के अनुसार, 7 मई की शाम को हुई इस घटना के बाद, एक पीड़ित नाबालिग किशोरी मानसिक आघात सहन नहीं कर पायी और उसने आत्महत्या का रास्ता अपनाया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और क्रोध फैला दिया है।
इस बीच, पुलिस ने मामले में आरोपित राधेश्याम बौरी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी और विभिन्न दिशा में पूछताछ जारी रखी।
रामपुर भकतगांव के निवासियों के बीच इस घटना को लेकर काफी आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

