home page

नगांव में पेट्रोलियम टैंकर पलटा, कई दुकानों को नुकसान

 | 
नगांव में पेट्रोलियम टैंकर पलटा, कई दुकानों को नुकसान


नगांव (असम), 24 अक्टूबर (हि.स.)। असम के नगांव जिले के पुरनीगुदाम क्षेत्र के केयापट्टी में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 127 पर एक पेट्रोलियम टैंकर बीती रात दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। नुमलीगढ़ से होजाई की ओर जा रहे टैंकर के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद टैंकर सड़क के डिवाइडर पर लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकरा गया। इस दुर्घटना में सड़क किनारे स्थित कई दुकानों को नुकसान पहुंचा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनएल-01एल-6875 पंजीकरण संख्या वाला यह पेट्रोलियम टैंकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक रात्रिकालीन बस के रास्ते में बाधा उत्पन्न होने के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज गति से जा रहा टैंकर डिवाइडर पर लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे से जोरदार तरीके से टकरा गया।

टक्कर के बाद टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क की विपरीत दिशा में पलट गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। टैंकर में पेट्रोलियम पदार्थ होने के कारण आग लगने की आशंका को देखते हुए अग्निशमन दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और आवश्यक कदम उठाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश