शी-योमी ज़िले में मनाया गया गांधी जयंती और अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस
इटानगर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के शी-योमी ज़िला प्रशासन ने ज़िला कला और संस्कृति कार्यालय, शहरी विकास विभाग, ज़िला खेल कार्यालय और मैराथन आयोजन समिति के सहयोग से 'ज़ीरो पॉइंट टाटो' से एक मैराथन का आयोजन किया। इसके बाद 'स्वच्छ भारत' अभियान के तहत सफाई कार्यक्रम चलाया गया, जिसमें स्वच्छ, स्वस्थ और नशा-मुक्त समाज के महत्व पर ज़ोर दिया गया।
दिन भर चले इस कार्यक्रम का समापन टाटो में गांधी जयंती और अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के समारोह के साथ हुआ।
इस कार्यक्रम में शी-योमी ज़िले के उपयुक्त मंजूनाथ आर मुख्य अतिथि के तौर पर और ज़िला परिषद चेयरपर्सन तान्या रिण्या सम्मानित अतिथि के तौर पर शामिल हुईं। पुलिस अधीक्षक और विभिन्न विभागों के प्रमुख भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
कार्यक्रम में स्कूलों के छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। साथ ही, महात्मा गांधी के आदर्शों पर भाषण दिए गए और विशेष अतिथियों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता पर संदेश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने नशे की बढ़ती समस्या और इसके बुरे प्रभावों के बारे में शिक्षकों और छात्रों को जानकारी दी और 'नशा-मुक्त भारत' की शपथ भी दिलाई।
छात्रों ने देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम पेश किए। वहीं मैराथन दौड़ व अन्य गतिविधियों में भाग लेने वालों को पुरस्कार बांटे गए।
सभा को संबोधित करते हुए गणमान्य व्यक्तियों ने आज के समाज में गांधीवादी मूल्यों की अहमियत पर ज़ोर दिया और युवाओं से शांति, अनुशासन, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और ज़िम्मेदार नागरिकता को बनाए रखने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

