एनटीपीसी बंगाईगांव ने कोकराझार में सीएसआर के तहत फुटबॉल मैदान विकसित किया
कोकराझार (असम), 28 सितम्बर (हि.स.)। स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एनटीपीसी बंगाईगांव ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत कोकराझार स्थित सरकारी बॉयेज हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान के पश्चिमी हिस्से में एक फुटबॉल मैदान विकसित किया है।
फुटबॉल मैदान का उद्घाटन कोकराझार के जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती, एसीएस ने किया। इस अवसर पर एनटीपीसी बंगाईगांव के हेड ऑफ प्रोजेक्ट अर्नब मैत्रा सहित प्रशासन और एनटीपीसी के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर खेल अवसंरचना को मजबूत करना तथा युवाओं को फुटबॉल अभ्यास और अन्य खेल गतिविधियों के लिए एक समर्पित स्थान उपलब्ध कराना है। मैदान के निर्माण से युवाओं में नियमित रूप से खेलों में भाग लेने की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
कोकराझार और आसपास के क्षेत्रों में फुटबॉल के प्रति युवाओं की विशेष रुचि को देखते हुए यह मैदान उभरते खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा और कौशल विकसित करने के लिए अवसर प्रदान करेगा। साथ ही, यह मैदान युवाओं को खेल के माध्यम से एक साथ आने और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए भी एक उपयोगी मंच के रूप में काम करेगा।
कार्यक्रम में कोकराझार की अतिरिक्त जिला आयुक्त बंटी तालुकदार, सहायक आयुक्त हिमांशु दास, एनटीपीसी बंगाईगांव के हेड ऑफ एचआर अमित कुमार अस्थाना, एजीएम (एचआर) रोशन डुंगडुंग तथा डीजीएम (कॉरपोरेट कम्युनिकेशन) मधुरज्य सिंघा लहकर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

