अरुणाचल में एनएससीएन-आईएम की साजिश नाकाम, एक उग्रवादी गिरफ्तार
लोंगडिंग (अरुणाचल प्रदेश), 21 फरवरी (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले में संयुक्त सुरक्षा बलों ने शनिवार को एक कथित आतंकी साजिश को विफल करते हुए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन एनएससीएन-आईएम के एक संदिग्ध सदस्य को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक 35 वर्षीय उग्रवादी को दबोचा गया।
विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर असम राइफल्स, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) तथा लोंगडिंग जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने लोंगडिंग थाना क्षेत्र के जेदुआ गांव के निकट टिसिंग इलाके में अभियान चलाया। तलाशी अभियान के दौरान पोंगलेम वांगपान नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, जो संगठन में स्वयंभू ‘कैप्टन’ पद धारण करने का दावा करता है।
अभियान स्थल से एक 5.56 एमएम इंसास राइफल मैगजीन सहित, एक 9 एमएम पिस्तौल मैगजीन सहित, 5.56 एमएम के 18 कारतूस तथा 9 एमएम के दो कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार उग्रवादी चार सदस्यीय दल का नेतृत्व कर रहा था, जो कथित तौर पर सीमावर्ती जिले में किसी व्यक्ति को निशाना बनाने की योजना से दाखिल हुआ था। सुरक्षा बलों की तत्परता से इस कथित योजना को अमल में आने से पहले ही विफल कर दिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने फरार अन्य सदस्यों की तलाश में संदिग्ध इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की सतर्कता को दर्शाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

