भूस्खलन के खतरे को देखते सुरक्षा और बचाव उपाय में तेजी
इटानगर, 25 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और इटानगर के
सिद्धार्थ हॉल के पीछे भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए, जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), इटानगर ने निवासियों की सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के
लिए आपातकालीन सुरक्षा और बचाव उपायों को तेज कर दिया है।
राजधानी प्रभाग के उपायुक्त टोको बाबू, कला एवं संस्कृति
निदेशक इबोम ताओ, एसपी इटानगर जुम्मार बासर और कई अन्य अधिकारियों सहित एक
संयुक्त निरीक्षण दल ने सिद्धार्थ विहार हॉल के पीछे भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का
मौके पर जाकर निरीक्षण किया ताकि जमीनी स्थिति का आकलन किया जा सके और तत्काल
निवारक उपायों की समीक्षा की जा सके।
भूस्खलन संभावित क्षेत्र से उत्पन्न होने वाले आसन्न खतरे को देखते हुए, 24 मई को सिद्धार्थ हॉल के नीचे और आसपास रहने वाले निवासियों को नोटिस जारी किए
गए थे, जिसमें उन्हें 24 घंटे के भीतर
असुरक्षित स्थानों को खाली करने और सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित होने का
निर्देश दिया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

