सड़क हादसा नहीं, ड्रग्स कारोबारियों की साजिश का शिकार हुए एसआई नवजीत दास
गुवाहाटी, 16 अगस्त (हि.स.)। उपनिरीक्षक (एसआई) नवजीत दास की मौत के मामले में पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि यह सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि ड्रग्स कारोबारियों द्वारा की गई सुनियोजित हत्या हो सकती है।
पुलिस ने रात में नाका चेकिंग के दौरान नवजीत दास को टक्कर मारने वाले वाहन के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में जुरिया क्षेत्र में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर ड्रग्स कारोबार संचालित करने वाले सेलिमुद्दीन इस्लाम को इस घटना का मास्टरमाइंड होने का संदेह जताया गया है।
पुलिस ने सेलिमुद्दीन के भाई महिदुल इस्लाम, पिता अब्दुल कुद्दुस फराजी और दो सहयोगियों माफ्फाजुल तथा रुक्साना खातून को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस और स्थानीय लोगों को आशंका है कि ड्रग्स की तस्करी में बाधा डालने के कारण एसआई नवजीत दास को वाहन से कुचलकर मार दिया गया। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और आरोपों की पुष्टि के लिए पुलिस की जांच जारी है।
दिवंगत नवजीत दास डिमा हसाओ जिले के लाइशोंग पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी के रूप में कार्यरत थे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

